रायपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति 7 जून 2026 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिवसीय आधिकारिक प्रवास पर रहेंगी। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति नई दिल्ली से सुबह 6:30 बजे रवाना होकर सुबह 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगी।
इस दौरे के दौरान वह पिछड़े वर्ग के कल्याण, सामाजिक प्रगति और राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा करेंगी। उनके साथ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के निजी सचिव राजेन्द्र कुमार निषाद और रितिक विश्वकर्मा भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का विस्तृत समय-सारिणी
सुबह 9:30 बजे साध्वी निरंजन ज्योति राज्य अतिथिगृह, रायपुर में पिछड़े समाज के प्रतिनिधिमंडल से भेंट करेंगी। इसके बाद 10:30 बजे वह छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगी। दोपहर 12 बजे माननीय राज्यपाल से भी शिष्टाचार मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।
सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन में शामिल होंगी
दोपहर 2:00 बजे अध्यक्ष बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बुढ़ापारा, रायपुर में पिछड़ा वर्ग संगठनों द्वारा आयोजित सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस सम्मेलन में पिछड़े वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक
अपराह्न 3:00 बजे राज्य अतिथिगृह में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा पिछड़ा वर्ग विकास विभाग के प्रमुख सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
साध्वी निरंजन ज्योति शाम 6:40 बजे रायपुर से नई दिल्ली के लिए वापसी की यात्रा पर रवाना होंगी।
यह दौरा राज्य के पिछड़े वर्ग समुदाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें केंद्र और राज्य स्तर पर पिछड़े वर्गों के उत्थान से जुड़ी नीतियों और योजनाओं पर विचार-विमर्श होगा।


खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments