पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। मुख्य सप्लायर हैप्पी सरदार अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
19 जून को हुई पहली गिरफ्तारी
19 जून 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, नगदी राशि, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत लगभग 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इस मामले में धारा 21(क), 29 एवं 27-ए के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुलासा, फाइनेंसर गिरफ्तार
जांच के दौरान मुकेश साहू से की गई पूछताछ, मेमोरेंडम कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस ने पाया कि अभिनय तिवारी उर्फ लवली इस पूरे अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। वह हेरोइन खरीदने के लिए पैसे उपलब्ध कराता था और उसके निर्देश पर ही नशीले पदार्थ मंगवाए जाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चार दिन पहले गिरफ्तार मुकेश साहू को राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए नकद राशि और मोटरसाइकिल अभिनय तिवारी ने ही मुहैया कराई थी।
अभिनय तिवारी का प्रोफाइल और कार्रवाई
अभिनय तिवारी उर्फ लवली (उम्र 37 वर्ष) आमातालाब रोड, गली नंबर 4, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी का निवासी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले भी हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का बड़ा अभियान, फरार आरोपी की तलाश
धमतरी पुलिस अब केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित नहीं रहना चाहती। वह पूरे सप्लाई नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने कहा, “अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस मुख्य सप्लायर हैप्पी सरदार को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments