Breaking News

बाइक उधार देने से इनकार करने पर बदमाशों ने आधी रात घर में घुसकर परिवार पर हमला किया

 धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बाइक उधार देने से इनकार करने पर बदमाशों ने आधी रात घर में घुसकर परिवार पर हमला बोल दिया। आरोपी युवकों ने लकड़ी के डंडे से मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और घरेलू सामान में तोड़फोड़ कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के सेहराडाबरी गांव की है।

घटना का विवरण

23 जून की रात 9 बजे आरोपी उमेश साहू पीड़िता के घर बाइक मांगने पहुंचा था। मना किए जाने पर वह नाराज होकर चला गया। इसके बाद रात करीब 12 बजे उमेश साहू अपने दो साथियों देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस के साथ वापस लौटा। तीनों ने जबरदस्ती घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के पति और बेटी को लकड़ी के डंडे से बुरी तरह मारा। हमले में दोनों घायल हो गए। बदमाशों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। पूरे परिवार में दहशत फैल गई।

पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार

पीड़ित परिवार ने तुरंत अर्जुनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की।

आरोपियों के नाम:

  • देवेंद्र साहू (22 वर्ष), पुत्र जगेसर साहू
  • उमेश साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष), पुत्र लखीराम साहू
  • प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष 01 माह), पुत्र कुंजन मांडवी

तीनों सेहराडाबरी गांव के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


0 Comments