प्रशिक्षण शिविर की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि 20 से 29 जून तक अभनपुर में चलने वाले 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति दी जाएगी।
इस शिविर में छत्तीसगढ़ के 41 जिलाध्यक्षों के साथ ओडिशा के जिलाध्यक्षों को भी शामिल करने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम का प्रस्ताव हाईकमान को भेजा गया है और अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
राहुल गांधी जिलाध्यक्षों से लेंगे रिपोर्ट
ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। वे प्रत्येक जिले की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति, मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही जिलों के प्रमुख मुद्दों की रिपोर्ट भी लेंगे और उन्हें बेहतर काम करने के तरीके बताएंगे।
कार्यक्रम में संगठनात्मक जिम्मेदारियों, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया अभियान, जनहित के मुद्दों और सरकार की कमियों को उजागर करने के तरीकों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विरोध प्रदर्शन के प्रभावी तरीकों पर जिलाध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान
यह पूरा आयोजन कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है। पार्टी 2025-26 में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का पुनर्गठन कर रही है। फोकस मुख्य रूप से सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और जवाबदेही तय करने पर है।
जानकारी के अनुसार, शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल समेत कई वरिष्ठ नेता और विशेषज्ञ भी शामिल हो सकते हैं।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments