Breaking News

निवेश और रोजगार के नाम पर लोगों से 49.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार



रायगढ़, — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने फ्लोरा मैक्स चिटफंड ठगी मामले में लंबे समय से फरार दो प्रमुख आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है।

श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू पर 165 ग्रामीण महिलाओं से लगभग 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

स्व-रोजगार के नाम पर महिलाओं से लाखों की ठगी

इस मामले की शुरुआत 5 दिसंबर 2024 को ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया की शिकायत से हुई थी। फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को स्व-रोजगार और उच्च मुनाफे का लालच देकर फंसाया।

कंपनी ने महिलाओं को समूह बनाकर बैंक से ऋण दिलवाया, उनके नाम पर दुकानें खुलवाईं, लेकिन व्यवसाय की आय पर कब्जा कर लिया। महिलाओं को प्रतिमाह 2,700 रुपये भुगतान का वादा किया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया। परिणामस्वरूप महिलाओं पर बैंक ऋण का बोझ बढ़ गया।

जांच में पता चला कि धरमजयगढ़ क्षेत्र के चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांवों की 165 महिलाओं को इस योजना में शामिल किया गया था।

फ्लोरा मैक्स कंपनी का ठगी का तरीका

कंपनी ने धरमजयगढ़ के नीचेपारा में ब्रांच खोलकर महिलाओं को आकर्षित किया। प्रत्येक महिला से 30,000 रुपये जमा कराने और बैंक से 30,000 रुपये का ऋण दिलवाने का तरीका अपनाया गया। अखिलेश सिंह के नेतृत्व में समूह बनाए गए और दुकानें संचालित करवाई गईं।

दुकानों से होने वाली आय कंपनी के संचालकों ने अपने पास रख ली, जबकि महिलाओं को न तो मुनाफा मिला और न ही वादे के अनुसार मासिक भुगतान। इस पूरे प्रकरण में धारा 318(2), 318(4), 336, 3(5) बीएनएस, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम तथा ईनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूर्व कार्रवाई और ऑपरेशन क्लीन हंट में नई गिरफ्तारी

इस मामले में पहले कंपनी की एजेंट मंजू चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से महत्वपूर्ण दस्तावेज, रसीदें और प्रचार सामग्री जब्त की गई थी। अन्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी राजपूत पहले से ही कोरबा जिले के मामले में जेल में हैं।

“ऑपरेशन क्लीन हंट” के दौरान मुखबिर की सूचना पर धरमजयगढ़ पुलिस की टीम ने श्याम सिंह राजपूत को हथनेवरा (जिला जांजगीर-चांपा) और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध की बात स्वीकार की।



गिरफ्तार आरोपी:

  • श्याम सिंह राजपूत (उम्र 50 वर्ष), पिता स्व. सीताराम सिंह राजपूत, निवासी हथनेवरा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।
  • बलराम बंजारा उर्फ बल्लू (उम्र 36 वर्ष), पिता कार्तिक राम बंजारा, निवासी तिलडेगा (जोराडोल), थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।

पुलिस की सख्ती जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “निवेश और रोजगार के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत आर्थिक अपराधों और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

इस सफलता में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगडे और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments