महासमुंद, छत्तीसगढ़ की महासमुंद जिला पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेट्टा कार से 37.940 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में बिहार के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा, लग्जरी कार और मोबाइल समेत करीब 25.02 लाख रुपये की कुल संपत्ति जब्त की गई है।
एनएच-53 पर नाकाबंदी कर दबोचा गया तस्कर
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ओडिशा की तरफ से एक कार में गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ लाई जा रही है।
खबर मिलते ही पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-53 पर स्थित रेहटीखोल के पास तुरंत नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध जेट्टा कार के पहुँचते ही उसे रोक लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम श्रवण यादव (39 वर्ष), निवासी अमाव (थाना चैनपुर, जिला कैमूर, बिहार) बताया।
डिक्की के सीक्रेट चेंबर में छिपाए थे 18 पैकेट
शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस ने जब गाड़ी की बारीकी से जांच की, तो डिक्की के भीतर बेहद चालाकी से बनाया गया एक सीक्रेट चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें से 18 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 37.940 किलोग्राम गांजा भरा था।
जब्ती का ब्योरा:
गांजा: 18.97 लाख रुपये मूल्य का 37.940 किलो गांजा।
वाहन व मोबाइल: लगभग 6 लाख रुपये की जेट्टा कार और 5 हजार का मोबाइल।
कुल जब्ती: 25 लाख 2 हजार रुपये।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह गांजा ओडिशा के मदन रामपुर से ला रहा था और इसे रायपुर पहुँचाने की योजना थी।
274 किलो गांजा तस्करी का भगोड़ा आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
इसी कड़ी में एक अन्य सफलता हासिल करते हुए बसना थाना पुलिस ने 274 किलोग्राम गांजा तस्करी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस ने उसे स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment