रायगढ़, असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को शासन की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग रायगढ़ एवं नगर निगम रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 23 अगस्त को विशेष पंजीयन एवं योजना लाभ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से इतवारी बाजार स्थित सिंदूर पार्क, रायगढ़ में होगा। शिविर में असंगठित श्रमिकों का मौके पर पंजीयन करने के साथ ही पहले से पंजीकृत पात्र श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सब्जी विक्रेता, फुटकर व्यापारी और छोटे व्यवसायियों का होगा पंजीयन
शिविर में ऐसे श्रमिकों को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा, जो असंगठित क्षेत्र में कार्य कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। इनमें सब्जी विक्रेता, फुटकर व्यापारी, छोटे व्यवसायी तथा स्वयं का व्यवसाय या श्रम करने वाले असंगठित श्रमिक शामिल हैं। श्रम विभाग की टीम द्वारा पात्र श्रमिकों का पंजीयन किया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें विभागीय योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पूर्व से पंजीकृत श्रमिकों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन करने की सुविधा भी शिविर स्थल पर ही मिलेगी। इससे श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगी।शिविर में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र श्रमिक आवेदन कर सकेंगे। इनमें प्रमुख रूप से मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, प्रसूति सहायता योजना, छात्रवृत्ति सहायता योजना, गंभीर बीमारी चिकित्सा सहायता योजना तथा ई-रिक्शा सहायता योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ संबंधित योजना में निर्धारित पात्रता, नियम एवं शर्तों के अनुसार प्रदान किया जाएगा। श्रमिकों को शिविर के माध्यम से योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment