रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सुकमा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए स्नेह और सम्मान का अनूठा संदेश भेजा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए गए ‘रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत जिलेभर की आंगनबाड़ी दीदियों ने अपने हाथों से 2055 राखियां (रक्षा सूत्र) तैयार की। इन रक्षा सूत्रों के साथ जवानों के तिलक के लिए सुकमा जिले की पवित्र मिट्टी भी भेजी गई।
नारी शक्ति और राष्ट्रभक्ति का सुंदर संगम
इस अभियान का शुभारंभ कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर की उपस्थिति में किया गया। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के इस भावनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव से तैयार किया गया प्रत्येक रक्षा सूत्र देश की रक्षा में दिन-रात तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों से तैयार की राखियां
जिले की सभी आंगनबाड़ियों में रक्षा सूत्र तैयार करने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवान उनके भाई हैं। इसलिए उन्होंने अपने हाथों से राखियां बनाकर उनके लिए शुभकामनाएं और स्नेह भेजा है। तैयार किए गए सभी रक्षा सूत्रों को विधिवत पैक कर जवानों तक भेजा गया, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर सुकमा की बहनों का स्नेह और आशीर्वाद देश की सरहद तक पहुंच सके।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment