सूरजपुर ,राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अभियान के सुचारू एवं प्रभावी संचालन हेतु अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किये हैं ।
इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता और वंदे मातरम्’ थीम पर केंद्रित रहेगा। अभियान अवधि में जिले के नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका मूल उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव के भाव को और अधिक सुदृढ़ करना है।
स्थानीय स्तर पर तिरंगा वितरण के साथ होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम:-
अभियान के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा तथा देशभक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संबंधित विभागों एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, साथ ही अभियान के दौरान होने वाली समस्त गतिविधियों की सतत निगरानी भी की जाएगी।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में तिरंगा वितरण, व्यापक जनभागीदारी तथा विविध आयोजनों पर विशेष बल दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़कर स्वतंत्रता के पर्व को उत्साहपूर्वक मना सकें।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment