'ओल्ड ट्रेल्स फायर' का तांडव, 5000 इमारतों पर खतरा
वाशिंगटन डिपार्टमेंट ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज की प्रवक्ता जेसिका वालस्टन के मुताबिक, रिवरसाइड स्टेट पार्क के आसपास फैली यह आग करीब 5,000 इमारतों और घरों को अपनी चपेट में लेने की कगार पर है।
नेशनल गार्ड तैनात, गवर्नर ने घोषित की इमरजेंसी
हालात बेकाबू होते देख शनिवार देर रात वाशिंगटन नेशनल गार्ड को मदद के लिए मोर्चे पर उतारा गया। स्थानीय पुलिस और राहत टीमों की मदद के लिए नेशनल गार्ड के 30 जवानों की टुकड़ी तैनात कर दी गई है।
वाशिंगटन राज्य के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने पूरे राज्य में 'वाइल्डफायर इमरजेंसी' लागू कर दी है। रविवार को प्रभावित इलाकों का दौरा करने से पहले गवर्नर ने कहा, "क्षेत्र के सभी नागरिक सतर्क रहें और राहतकर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।"
तेज हवाएं और सूखा बनी आग की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तेज हवाओं और हवा में नमी की कमी के कारण तीन प्रमुख आग—ओल्ड ट्रेल्स, फेयरव्यू और ऑटम लेन—बहुत तेजी से फैल रही हैं।
'द स्पोक्समैन-रिव्यू' अखबार की रिपोर्टर अलेक्जेंड्रा डुगन ने आंखों देखा हाल बताते हुए कहा, "मैं एक प्राइमरी स्कूल के पास मौजूद थी, तभी मैंने पूरब दिशा से उठती ऊंची लपटें, काले धुएं का गुबार और आग की दीवार को अपनी तरफ आते देखा।"
बिजली ठप, कन्वेंशन सेंटर बना शेल्टर होम
2.3 लाख से अधिक आबादी वाले स्पोकेन शहर में बेघर हुए लोगों को ठहराने के लिए 'कन्वेंशन सेंटर' में अस्थाई राहत शिविर बनाया गया है। वहीं ऊर्जा कंपनी 'अविस्ता यूटिलिटीज' की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह तक राज्य के 11,000 से ज्यादा घरों की बिजली ठप हो गई, जिनमें से अकेले स्पोकेन काउंटी के 8,000 से अधिक घर अंधेरे में डूबे हैं।
रिकॉर्ड तोड़ सूखा और आउटडोर फायर पर पूरी तरह बैन
पब्लिक लैंड्स के कमिश्नर डेव उपटेग्रोव ने बताया कि दमकलकर्मी राज्यभर में 10 बड़ी जगहों पर लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। वाशिंगटन में इस साल रिकॉर्ड तोड़ सूखा पड़ा है। इसे ध्यान में रखते हुए गवर्नर ने खुले में आग जलाने (Burn Ban) पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब कूड़ा जलाने, अलाव या कैंपफायर करने पर सख्त पाबंदी रहेगी।
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक 1,000 से अधिक जंगलों की आग में 4,25,000 एकड़ से ज्यादा इलाका जलकर खाक हो चुका है—जो 2021 के बाद सबसे बड़ा आंकड़ा है।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment