पीड़ित की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुंदन कुमार मूल रूप से बिहार के पटना जिले के निवासी हैं और वर्तमान में गौरेला के डुमरिहा में रहकर गेवरारोड-पेण्ड्रारोड नई रेल लाइन परियोजना पर प्रबंधक के रूप में तैनात हैं।
“मानसा केपिटल” ऐप के जरिए हुई ठगी
कुंदन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 23 अप्रैल 2025 को ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े कुछ लोगों से उनकी बातचीत हुई। आरोपियों ने उन्हें “मानसा केपिटल” नामक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी और शेयर बाजार में निवेश पर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का आश्वासन दिया।
झांसे में आए कुंदन कुमार ने अलग-अलग किस्तों में कुल 20.70 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद ऐप पर उनके खाते में करीब 80 लाख रुपये दिखाई देने लगे। जब उन्होंने यह राशि निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क का बहाना बनाना शुरू कर दिया।
शक होने पर दर्ज कराई शिकायत
जब कुंदन कुमार को शक हुआ तो उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत गौरेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जय कुमार वर्मा, अनवी और आरती सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की जांच और नागरिकों से अपील
साइबर ठगी के इस मामले में पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की डिटेल्स जुटा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस की सलाह:
- ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश संबंधी किसी भी आकर्षक प्रस्ताव से पहले उसकी विश्वसनीयता जांच लें।
- अनजान ऐप या वेबसाइट पर पैसा लगाने से बचें।
- साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments