Breaking News

48 साल की उम्र में अमित जोगी का 147 मीटर बंजी जंप: बने सबसे उम्रदराज बंजी जंफर

 

Amit Jogi

उत्तराखंड, — जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने 48 वर्ष की आयु में 147 मीटर ऊंची बंजी जंप कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तराखंड के कुमाऊं हिल्स में हुई इस एडवेंचर गतिविधि के दौरान उन्होंने न सिर्फ शारीरिक साहस का परिचय दिया, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आंतरिक शांति का भी अनुभव साझा किया।

यह जंप उनके लिए मात्र एक रोमांचक गतिविधि नहीं, बल्कि एक गहरे भावनात्मक और मानसिक अनुभव के रूप में उभरा।

जंप के दौरान आई तकनीकी चुनौती

जंप शुरू करते समय कुछ पल तनावपूर्ण रहे। रस्सी खोलने में तकनीकी समस्या आने से इंस्ट्रक्टर को लगातार प्रयास करना पड़ा। उस दौरान आसपास मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया।



हालांकि, इंस्ट्रक्टरों की त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल की वजह से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। अमित जोगी ने जंप को सफलतापूर्वक पूरा किया। बाद में उन्हें सुरक्षित तरीके से ऊपर खींचा गया।

“उल्टा लटका था, लेकिन भीतर अजीब शांति थी”

जंप का अनुभव साझा करते हुए अमित जोगी ने बताया कि हवा में उल्टा लटके हुए उस पल में उन्हें डर की बजाय एक अजीब सी शांति और गहरी स्थिरता महसूस हुई। उन्होंने कहा कि मन में आत्मविश्वास और संतुलन का भाव इतना प्रबल था कि शब्दों में उसे पूरी तरह बयां करना मुश्किल है।

उनके अनुसार, जब इंसान खुद को प्रकृति और परिस्थितियों के सामने पूरी तरह समर्पित कर देता है, तब भीतर से एक अनोखी ऊर्जा और सुकून मिलता है। अमित जोगी ने इस अनुभव को जीवन की चुनौतियों से निपटने की मानसिक तैयारी से जोड़कर देखा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

पूरी घटना के दौरान सुरक्षा टीम पूरी तरह सतर्क रही। तकनीकी सहायता, रस्सी की जांच और इमरजेंसी प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया गया। जंप सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली।

48 वर्ष की आयु में इतनी ऊंचाई से बंजी जंप करना शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती दोनों का प्रमाण माना जा रहा है। अमित जोगी का यह साहसिक प्रयास युवाओं को फिटनेस और एडवेंचर गतिविधियों की ओर प्रेरित करने वाला भी साबित हो सकता है।

0 Comments