Breaking News

कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में स्थान बनाने वाले श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों का होगा सम्मान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जून को करेंगे सम्मानित

CM Vishnudev Say

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगामी शुक्रवार 5 जून को दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन, रायपुर में एक विशेष समारोह में मुख्य अतिथी के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वे मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे।

समारोह में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

योजना के तहत मिलने वाले लाभ

इस योजना के सफल लाभार्थी छात्रों को दोहरी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रत्येक चयनित मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उच्च शिक्षा के दौरान आवागमन को आसान बनाने के लिए दोपहिया वाहन खरीदने हेतु 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान भी दिया जाएगा।

इस प्रकार प्रत्येक छात्र को कुल 2 लाख रुपये का चेक वितरित किया जाएगा।

पात्रता और महत्वपूर्ण शर्तें

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए निम्नलिखित शर्तें पूरी करना अनिवार्य है:

  • हितग्राही श्रमिक का मंडल में कम से कम 90 दिन पहले पंजीकरण होना चाहिए।
  • यह लाभ केवल पंजीकृत निर्माण श्रमिक के प्रथम दो बच्चों को ही उपलब्ध होगा।
  • एक शैक्षणिक सत्र में योजना का लाभ केवल एक बार ही लिया जा सकता है।

श्रमिक परिवारों को मजबूत संबल

यह कल्याणकारी पहल राज्य सरकार द्वारा श्रमिक वर्ग के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है बल्कि मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।



0 Comments