चारपाई पर सोते समय पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
यह पूरा मामला अवैध संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक राजीव के पिता सतबीर द्वारा 21 जून को दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, शनिवार (20 जून) की रात राजीव अपने घर में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नीशू ने पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी विक्रांत को घर पर बुलाया। दोनों ने सो रहे राजीव पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विक्रांत छत के रास्ते कूदकर मौके से फरार हो गया। आग की लपटों से घिरे राजीव ने शोर मचाते हुए बाहर की तरफ दौड़ लगाई, जिसके बाद पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
अस्पताल में इलाज के दौरान राजीव ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से झुलसे राजीव को तुरंत इलाज के लिए मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राजीव के बयान दर्ज किए गए थे। अपने बयान में राजीव ने पत्नी नीशू और पड़ोसी विक्रांत की इस क्रूर करतूत का पूरा सच उजागर किया। शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान राजीव की मृत्यु हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।
परिजनों ने की आरोपियों को फांसी देने की मांग
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पीड़ित परिवार और बिजवाड़ा गांव में भारी आक्रोश है। मृतक राजीव के पिता सतबीर ने प्रशासन से दोनों हत्यारोपियों को फांसी की सजा दिलाए जाने की गुहार लगाई है। वहीं, मृतक के भाई सचिन ने सरकार से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा, "मेरे भाई को बड़ी ही बेरहमी से जिंदा जलाकर मारा गया है। हम सरकार से मांग करते हैं कि इन दोनों दोषियों को कानूनन कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि राजीव को न्याय मिल सके।"
पुलिस के अनुसार मामले की जांच पूरी कर ली गई है और दोनों मुख्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। कोर्ट में मामले की त्वरित सुनवाई के लिए चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments