बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शादीशुदा युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के शरीर पर हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान मिले हैं। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति ने आत्महत्या का दावा किया है।
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य (28) के रूप में हुई है। उनकी शादी 10 फरवरी 2019 को बिलासपुर के दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपति की 13 महीने की एक बेटी भी है।
रविकांत मौर्य तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करते हैं। अदिति के भाई अखिलेश वर्मा और अभिषेक वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा अदिति को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी।
दूसरे संबंध और वीडियो का विवाद
परिवार के अनुसार, अदिति अक्सर फोन पर मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी दिया करती थी। एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल में दूसरी महिला से चैट का वीडियो बनाकर अपनी बड़ी बहन पिंकी को भेजा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
23 जून को हुई मारपीट के बाद मौत
मायके पक्ष का आरोप है कि 23 जून को अदिति के साथ फिर मारपीट हुई। इसके बाद परिजनों ने रविकांत की मां से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि अदिति और रविकांत के बीच कमरे में विवाद चल रहा है। कुछ देर बाद अदिति की मौत की सूचना मिली।
परिजनों ने दावा किया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष से नहीं मिली। बाद में अन्य स्रोतों से पता चला तो वे उत्तर प्रदेश से बिलासपुर पहुंचे। अस्पताल में उन्हें बताया गया कि अदिति की मौत हो चुकी है।
पति का दावा
रविकांत मौर्य ने पुलिस को बताया कि वह बेटी को लेकर ऊपर कमरे में सो रहा था। नीचे आने पर अदिति बेड पर मिली। उसके अनुसार, अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन फंदा खुलने से वह गिर गई।
मायके पक्ष के मुख्य आरोप
- अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान।
- फांसी लगाने वाली जगह पर कोई स्पष्ट संकेत नहीं।
- घटना की सूचना छिपाई गई।
- मृतका पर पति, सास-ससुर, ननद और नंदोई ने हत्या की।
पुलिस जांच
सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। FSL टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और सबूत जुटाए।
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और FSL जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments