44 लाख से अधिक का चूना लगाया
मामले का खुलासा तब हुआ जब बाजीराव पारा निवासी 32 वर्षीय सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने तमनार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, ग्राम पणिगांव निवासी 38 वर्षीय कृष्ण कुमार साहू गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता है। उसने कारोबार के नाम पर सद्दाम और सुरेश से लगातार पैसे ऐंठे।
जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया। उसने खसरा नंबर 428/4 (रकबा 0.049 हेक्टेयर) का सौदा 14 अप्रैल 2026 को उनसे तय कर लिया। बाद में पता चला कि वह उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर चुका था। इस तरह उसने नगद और बैंक ट्रांसफर के जरिए सद्दाम से 22 लाख और सुरेश से 22 लाख 40 हजार रुपये यानी कुल 44 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए।
जांच में कई और पीड़ित आए सामने
पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच शुरू की, तो ठगी का दायरा बढ़ता चला गया। आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू और मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया था।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने कृष्ण कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
लग्जरी गाड़ियां जब्त, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य पीड़ितों के ब्योरे खंगाल रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान:
"आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।"
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment