रायगढ़, रायगढ़ के तराईमाल में शराब के नशे में विवाद के बाद महिला ने दो बेटों संग मिलकर पति की हत्या की। आत्महत्या का रूप देने के लिए काटी नस, आरोपी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक खौफनाक वारदात सामने आई है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तराईमाल गांव में एक महिला ने अपने दो नाबालिग बेटों के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को खुदकुशी का रूप देने के लिए आरोपियों ने मृतक के हाथ की नस भी काट दी थी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और कड़ी पूछताछ के आगे आरोपियों का झूठ नहीं टिक सका और मामले का पर्दाफाश हो गया।
बंद कमरे में मिला था शव, गले पर थे निशान
तराईमाल निवासी 50 वर्षीय गणपत लाल भगत का शव उनके ही घर के एक बंद कमरे में पड़ा मिला था। शरीर का मुआयना करने पर पुलिस को गले पर दबाव के निशान और कलाई पर कट का गहरा घाव दिखाई दिया। मामला पहली नजर में ही संदिग्ध लग रहा था। इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर तफ्तीश शुरू की।
बयानों में उलझी पत्नी, ऐसे खुला राज
जांच के दौरान पुलिस जब मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही थी, तब उसके बयानों में काफी विरोधाभास देखने को मिला। वह बार-बार अपनी बात बदल रही थी। शक गहराने पर जब महिला से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
महिला ने बताया कि गणपत लाल शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में क्लेश करता था। वारदात वाले दिन भी उसने बच्चों के साथ जमकर मारपीट की। इसी गुस्से में आकर महिला ने पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या का रूप देने की साजिश
हत्या को छुपाने के लिए आरोपी महिला ने एक घिनौनी चाल चली। उसने अपने 11 साल और 13 साल के दो बेटों के हाथों से मृत पिता की कलाई पर ब्लेड से कट लगवाया, ताकि देखने वालों और पुलिस को यह पूरी घटना आत्महत्या लगे।
कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल दोनों अपचारी बालकों को बाल न्याय अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment