हरियाणा, हरियाणा के जींद से आज एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन (Hydrogen Train Inaugration) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही वह हरियाणा, पंजाब और दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के लिए कुल 26 हजार 800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इस बड़े कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जींद से होगी शुरुआत, सोनीपत तक दौड़ेगी ट्रेन
प्रधानमंत्री के तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह आज सबसे पहले सुबह 11 बजे जींद पहुंचेंगे। यहां वह जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
समारोह के लिए जींद के एकलव्य स्टेडियम को चुना गया है। इस मैदान से प्रधानमंत्री दर्जनभर विकास योजनाओं की सौगात जनता को सौंपेंगे और फिर एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जींद की इस पावन धरती से अकेले हरियाणा राज्य को 14 हजार 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है।
चंडीगढ़ और पंजाब को भी मिलेंगे हजारों करोड़
जींद के कार्यक्रम को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:45 बजे सीधे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। चंडीगढ़ में वह स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने से जुड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे। चंडीगढ़ के खाते में कुल 6600 करोड़ रुपये की योजनाएं आई हैं।
इसके बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव पंजाब का जालंधर शहर होगा। जालंधर पहुंचकर वह रेल और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने वाले कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पंजाब को इस दौरे से 5470 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लाभ मिलेगा।
75 अमृत भारत स्टेशनों का भी तोहफा
रेलवे के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की कड़ी में आज का दिन बेहद खास है। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान 75 अमृत भारत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है ताकि यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक हो सके।
तीनों जगहों को मिलाकर होने वाला यह विशाल आयोजन राज्यों के विकास को एक नई रफ्तार देगा। रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हो रहे इन बड़े निवेशों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और कनेक्टिविटी दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।


खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments