हाजीपुर से पल्सर बाइक पर आकर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी हाजीपुर से तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते थे। महात्मा गांधी सेतु पार करने के बाद वे सीधे पटना के वीआईपी थाना क्षेत्रों जैसे शास्त्रीनगर, जक्कनपुर और कंकड़बाग का रुख करते थे। इन इलाकों की गलियों में घंटों रेकी करने के बाद जैसे ही उन्हें कोई महिला, बुजुर्ग या अकेला व्यक्ति दिखाई देता, वे झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट लेते थे। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों जीरो माइल के रास्ते वापस हाजीपुर फरार हो जाते थे।
प्रेमिका झपटती थी सोने की चेन, सुबह आधे घंटे में की दो वारदातें
इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिर था। युवक बेहद कुशलता और तेज रफ्तार से बाइक चलाता था, जबकि पीछे बैठी उसकी प्रेमिका मौका पाते ही पीड़ितों के गले से सोने की चेन झपट लेती थी। हाल ही में इस गैंग ने कंकड़बाग इलाके में पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सुबह 8 बजे कंकड़बाग टेंपो स्टैंड के पास अशोक नगर रोड नंबर 8-बी के निवासी टिंकू से चेन छीनी। इसके ठीक 30 मिनट बाद, दोनों ने जगनपुरा मोड़ के पास डॉक्टर रंजीत कुमार को निशाना बनाया और उनके गले से भी चेन उड़ाकर जीरो माइल की तरफ भाग निकले।
हाईटेक कैमरों और तकनीकी अनुसंधान से खुला राज
बैक-टू-बैक वारदातों के बाद कंकड़बाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें दोनों जीरो माइल की तरफ जाते दिखे। इसके बाद महात्मा गांधी सेतु पर लगे सर्विलांस कैमरों को ट्रैक किया गया, जिससे उनके हाजीपुर सीमा में प्रवेश करने की पुष्टि हुई। पटना पुलिस ने तुरंत हाजीपुर पुलिस से संपर्क साधा और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान की। जांच में पता चला कि चेन झपटने वाली युवती पेशेवर अपराधी नहीं है, बल्कि मुख्य आरोपी की प्रेमिका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहचान छिपाने के लिए हर बार बाइक का नंबर बदल देते थे और हमेशा हेलमेट व जैकेट पहनकर आते थे। हालांकि, महात्मा गांधी सेतु पर लगे हाईटेक कैमरों की मदद से पुलिस ने उनके रूट को डिकोड कर लिया है। वर्तमान में पुलिस टीमें हाजीपुर और उसके आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

खबरें नहीं सच का प्रहार
0 Comments