Khabar Prahar Logo खबरें नहीं सच का प्रहार
>
LATEST
खबर प्रहार...
BREAKING खबर प्रहार को रिर्पोटिंग हेतु संवाददाता की आवश्यकता है। संपर्क करें........

Stay Connected Worldwide

Uncover the Truth

Post Page Advertisement [Top]

Advertisement

 

रायगढ़ पुलिस ने लंबित अपराधों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर बाइक चोर भोले शंकर कैवर्त को पूंजीपथरा इलाके से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

संयुक्त पुलिस टीम की घेराबंदी में पकड़ा गया आरोपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए सघन जांच अभियान जारी है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारंटी भोले शंकर पूंजीपथरा क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना की पुष्टि होते ही तमनार और पूंजीपथरा थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्चिंग तेज की और रात में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव और पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित दोनों थानों के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी भोले शंकर कैवर्त (34 वर्ष), पिता जीवन प्रकाश कैवर्त, सक्ती जिले के ग्राम डभरा का निवासी है। वह वर्ष 2020 से लगातार बाइक चोरी की गतिविधियों में सक्रिय रहा है। आरोपी रायगढ़ शहर, घरघोड़ा, पूंजीपथरा और तमनार थाना क्षेत्रों में दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में शामिल रहा है।

पूर्व में उसे तमनार (05 मामले), घरघोड़ा (03 मामले), कोतवाली रायगढ़ (02 मामले) और पूंजीपथरा (01 मामला) के तहत कुल 11 मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ 11 स्थायी व गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को सभी 11 वारंटों के परिपालन में सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत जिले में सक्रिय अन्य फरार वारंटियों और आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Bottom Ad [Post Page]

Advertisement