रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ ब्रह्मनिष्ठालय में 29 जुलाई (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर पूज्यपाद औघड़ संत श्री प्रियदर्शी राम जी अपने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे। अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट की मानें तो इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के कोने-कोने से हजारों भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल आश्रम में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
28 जुलाई से शुरू होगा श्रमदान
गुरु पूर्णिमा के एक दिन पहले, यानी 28 जुलाई (मंगलवार) को सुबह 6:30 बजे से परिसर में विशेष सफाई और सेवा अभियान चलाया जाएगा। भक्त पूरे दिन आश्रम में मिलकर श्रमदान करेंगे। ट्रस्ट का कहना है कि सेवा और निस्वार्थ भाव ही इस गुरुपीठ की असली पहचान है, इसलिए महोत्सव की शुरुआत इसी परंपरा के साथ की जाती है।
29 जुलाई के मुख्य कार्यक्रमों का समय
गुरु पूर्णिमा के दिन तड़के से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। पूरे दिन का शेड्यूल कुछ इस तरह रहेगा:
सुबह 6:30 बजे: शक्ति ध्वज पूजन के साथ सफलयोनी का पाठ होगा।
सुबह 7:00 बजे: संत श्री प्रियदर्शी राम जी के हाथों श्री गुरुचरण पादुका पूजन और हवन संपन्न कराया जाएगा।
सुबह 8:00 से 9:00 बजे: सामूहिक आरती होगी, जिसके तुरंत बाद 8:30 बजे सभी श्रद्धालु एक साथ गुरुगीता का पाठ करेंगे।
सुबह 9:00 से दोपहर 12:30 बजे: भक्तगण संत श्री प्रियदर्शी राम जी के दर्शन कर सकेंगे।
दोपहर 12:00 से शाम 4:00 बजे: विशाल सामूहिक प्रसाद (भंडारा) का आयोजन होगा।
शाम 4:30 बजे: विशेष सत्संग का आयोजन किया गया है, जहां महाराज जी भक्तों को संबोधित करेंगे।
आस्था और कृतज्ञता का पर्व
अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट के व्यवस्थापक मंडल ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और मातृशक्ति को इस पावन आयोजन में शामिल होने का न्योता दिया है। आयोजकों के अनुसार, गुरु पूर्णिमा केवल पूजा-पाठ का दिन नहीं है। यह अपने मार्गदर्शक के प्रति आभार जताने का मौका है। श्रमदान से लेकर शाम के सत्संग तक, हर गतिविधि का मकसद समाज में शांति, सद्भाव और सेवा का संदेश फैलाना है।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment