मानपुर, छत्तीसगढ़ के मोहला वनमंडल अंतर्गत दक्षिण मानपुर क्षेत्र में वन्यजीव के शिकार पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वन विभाग की टीम ने सांभर का शिकार करने और मांस पकाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में राजनांदगांव जेल भेज दिया गया है।
सूचना पर छापेमारी, पका हुआ मांस बरामद
वनमण्डलाधिकारी दिनेश कुमार पटेल के अनुसार, 6 अगस्त की शाम को विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि ग्राम पंचायत बागडोगरी के रेंगाटोला गांव (तहसील औंधी) में कुछ लोग सांभर का मांस पका रहे हैं।
जानकारी मिलते ही दक्षिण मानपुर के परिक्षेत्र अधिकारी और मानपुर के उपवनमंडलाधिकारी ने सर्च वारंट जारी कराकर तत्काल मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान स्थल से पका हुआ मांस बरामद किया गया।
कुल्हाड़ी से मारकर किया था शिकार
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि खेत में फंसे सांभर के बच्चे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—काजूराम (पिता मसरूराम), रघुराम (पिता मनीराम) और राहुल (पिता सुकलु)—को हिरासत में लिया।
तीनों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सी.जी.एम.) न्यायालय, अंबागढ़ चौकी में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर राजनांदगांव जेल भेजने का आदेश दिया।
खबरें नहीं सच का प्रहार


No comments:
Post a Comment